Depressed sad young female standing in a dark tunnel

Uttarakhand News 07 June 2024: लड़की पक्ष का कहना है कि बेटी की अरेंज मैरिज एक परिचित के माध्यम से हुई थी। दहेज में कार मांगी गई। 21 लाख कैश और गाड़ी दी गई। 18 तोला सोना भी दिया था। शादी में कुल मिलाकर 80 लाख रुपये खर्च किए थे, लेकिन आखिर में बेटी को ऐसा धोखा मिला।

मेरा पति समलैंगिक है। वह रात में आईने के सामने खड़े होकर शृंगार करता है। लिपस्टिक और नेल पॉलिश लगाता है। एक दिन रात को नींद खुली तो उसे शृंगार करता देख हतप्रभ रह गई। ससुराल वालों ने शादी से पहले उसके समलैंगिक होने की बात छिपाई थी।

ये कहना है शादी में धोखा खाई हरिद्वार निवासी युवती का। युवती ने महिला आयोग में शिकायत की है। हरिद्वार निवासी युवती का कहना है कि उसकी शादी फरवरी में यमुनानगर, हरियाणा निवासी लड़के से हुई थी। शादी में उसे बुरी तरह धोखा मिला है। लड़की के माता-पिता का कहना है कि लड़का समलैंगिक था तो हमारी बेटी से शादी कर उसकी जिंदगी क्यों बर्बाद की।

21 लाख कैश और गाड़ी दी
उन्होंने बताया कि बेटी की अरेंज मैरिज एक परिचित के माध्यम से हुई थी। उन्होंने बताया कि दहेज में कार मांगी थी। उन्हें 21 लाख कैश और गाड़ी दी थी। बेटी को 18 तोला सोना भी दिया था। शादी में कुल मिलाकर 80 लाख रुपये खर्च किए थे। लड़की ने बताया कि शादी से पहले लड़के से मिलने के लिए कहते थे, लेकिन लड़का कभी नहीं आया। रात 10.00 बजे के बाद लड़की को फोन नहीं करता था और कहता था कि वह जल्दी सो जाता है।

संस्कारी लड़के की बनाई थी छवि
वह अपनी छवि एक संस्कारी लड़के की बनाए हुए था। वह कॉल पर नहीं सिर्फ मैसेज में बात करता था। शादी के बाद लड़के के माता-पिता ने कहा कि लड़का मानसिक रूप से कमजोर है, इसलिए वह संबंध नहीं बनाएगा। लड़के की मां ने यह बात किसी को न बताने के लिए कहा था। युवती ने शिकायत कर महिला आयोग से कार्रवाई की मांग की है।

मामले में होगी कार्रवाई
उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने कहा कि झूठ की बुनियाद पर किसी लड़की से शादी करना अपराध है। इसमें लड़की का कोई दोष नहीं था, उसके साथ अन्याय हुआ है। ऐसे में लड़के और माता-पिता पर कार्रवाई होगी।