Uttarakhand News 24 Mar 2026: नैनीताल जिले के धारी ब्लॉक क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में तैनात शिक्षकों को बीते कुछ दिनों से एक अनजान नंबर से आ रही कॉल से डिजिटल अरेस्ट करने की कोशिश की जा रही है। आरोपी शिक्षकों को गंदी फिल्म देखने का आरोप लगाने के नाम पर डरा रहा है। शिक्षकों की ओर से मुक्तेश्वर पुलिस को इस मामले में शिकायती पत्र सौंपकर अनजान नंबर से फोन करने वाले व्यक्ति का पता लगाकर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। धारी क्षेत्र के शिक्षकों ने बताया कि इंद्रजीत सक्सेना के नाम से कोई व्यक्ति फोन करके उन्हें स्कूल समय पर गंदी फिल्म देखने के नाम से डराने का प्रयास कर रहा है। उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की धमकी देते हुए अभद्रता से बात कर रहा है। वह व्यक्ति प्राथमिकी के नाम पर ब्लैकमेल कर एक लाख रुपये देने की मांग कर रहा है।
शिक्षकों का कहना है कि आरोपी व्यक्ति को शिक्षकों के परिवार से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि इसके चलते महिला शिक्षक काफी परेशान हैं। शिक्षकों की ओर मुक्तेश्वर पुलिस को शिकायती पत्र देकर उक्त व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिक्षक मंगलवार को मुख्य शिक्षाधिकारी को भी पत्र देंगे। मुख्य शिक्षाधिकारी गोविंद जायसवाल ने बताया कि शिक्षकों की ओर से पत्र मिलते ही एसएसपी से वार्ता कर कानूनी कार्रवाई की मांग की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।










