Uttarakhand News 20 Jan 2026: नैनीताल पंगोट रोड में हिमालय दर्शन क्षेत्र में जंगल में दोस्तो के साथ पार्टी करने गए युवक की खाई में गिरने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस, एसडीआरएफ, दमकल कर्मियों ने एक घंटे रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक को खाई से बाहर निकाला। बीडी पांडे अस्पताल में मौत की पुष्टी के बाद शव मोर्चरी में रख दिया है। युवक की मौत के बाद स्वजनों में कोहराम मचा हुआ है। जानकारी के अनुसार सात नंबर निवासी भुवन राम आर्या (34) अपने छह दोस्तों के साथ पार्टी करने के लिए हिमालय दर्शन क्षेत्र गया था। जहां पार्टी के दौरान भुवन पहाड़ी से नीचे को लघुशंका करने लगा। इस दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ा तो वह खाई में गिर गया। दोस्तों ने टार्च लगाकर भुवन को काफी आवाज लगाई। लेकिन खाई से भुवन ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। जिसके बाद दोस्तों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर कोतवाली एसआई प्रवीण तेवतिया पुलिस टीम, एसडीआरएफ व दमकल की टीम के साथ माैके पर पहुंचे। इस दौरान टीम ने खाई में युवक की तलाश की। एक घण्टे की तलाश के बाद युवक सड़क से करीब सौ मीटर नीचे घायल व बेसुध अवस्था में पड़ा हुआ मिला। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू कर सड़क तक लाकर बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद अस्पताल पहुंचे मृतक के स्वजनों का रो रोकर बुरा हाल है। एसपी डॉ जगदीश चन्द्र ने बताया कि शव मोर्चरी में रखवा दिया गया है। मृतक के दोस्तों द्वारा उसका पैर फिसलकर गिरने की जानकारी दी गई है। मामले में दोस्तों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही अन्य पहलुओं पर भी जांच की जा रही है।