Uttarakhand News 28 Mar 2026: नैनीताल । जिले में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप फोटोयुक्त विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के पहली जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई हैं।
डीएम और जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में जिले के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों और उनके प्राधिकृत बीएलए-वन के साथ आयोजित बैठक में एसआईआर को लेकर तैयारियां पर गहन मंत्रणा की गई। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से अप्रैल के प्रथम सप्ताह में एसआइआर की औपचारिक घोषणा किए जाने की संभावना है।
दलों से बीएलए नियुक्त करने को कहा
डीएम ने राजनीतिक दलों से प्रत्येक विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत प्रत्येक मतदान केंद्र पर अपने बूथ लेवल एजेंट की शीघ्र एवं शत-प्रतिशत नियुक्ति करने की अपेक्षा की है। उन्होंने बताया कि बीएलए संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सक्रिय रूप से कार्य करें, जिससे पुनरीक्षण प्रक्रिया अधिक प्रभावी एवं त्रुटिरहित संपादित की जा सके।
डीएम ने जानकारी दी कि जिले की छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में 1010 मतदेय स्थलों के सापेक्ष अब तक कांग्रेस की ओर से 793 या 71.51 प्रतिशत, भाजपा ने 959 या 94.95 बूथ लेवल एजेंटों की नियुक्ति की जा चुकी है। अन्य राजनीतिक दलों से भी दिशा में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई का बीएलए नियुक्त करने को कहा गया है।
बूथ लेवल अधिकारियों की ओर से 2003 की निर्वाचक नामावली के मतदाताओं का वर्तमान निर्वाचक नामावली से बीएलओ एप के माध्यम से मिलान किया जा रहा है। कुल 787991 मतदाताओं के सापेक्ष 694532 मतदाताओं की मैपिंग पूर्ण की जा चुकी है, जो लगभग 88.14 प्रतिशत प्रगति है।
बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एचडी पांडे, तहसीलदार नैनीताल अक्षय भट्ट सहित जनपद के भाजपा नगर महामंत्री आशीष बजाज व पूर्व नगर अध्यक्ष मनोज जोशी, भाजयुमो के यशराज सिंह, कांग्रेस के प्रशांत जोशी, भगत सिंह, मनोज शर्मा, प्रकाश पाठक आदि मौजूद रहे।










