Uttarakhand News 30 september 2025: विदेश में रह रहे व्यक्ति के नाम से फर्जी प्रमाणपत्र बनाकर करोड़ों की भूमि को खुर्द-बुर्द करने का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले में रामनगर निवासी आरोपी भाजयुमो का मंडल अध्यक्ष रहा है।

चंद्रपुर तिवाड़ी पीरूमदारा निवासी जसपाल सिंह ने पुलिस में दी तहरीर में बताया कि इसी गांव के रहने वाले बलबीर सिंह पुत्र चनन सिंह की राष्ट्रीय राजमार्ग से लगी भूमि है। इसकी पॉवर ऑफ अटॉर्नी उनके पास है। बलवीर सिंह वर्षों से विदेश में रहे रहे हैं। आरोप लगाया कि बलवीर के यहां नहीं होने का फायदा उठाते हुए गांव के ही राजेश पाल और चन्द्रशेखर उर्फ चंदन ने मुरादाबाद की तहसील ठाकुरद्वारा के बहापुर बलिया निवासी बलवीर के साथ मिलकर 2023 में साजिश रची। उन्होंने मुरादाबाद निवासी बलवीर का जाति और स्थायी प्रमाण पत्र में ऑनलाइन बदलवाकर बलबीर सिंह पुत्र चनन सिंह करवा लिया।

इन्हीं दस्तावेजों को आधार बनाकर बलवीर के आधार कार्ड सहित सभी दस्तावेजों में नाम बदलवा लिया। आरोप लगाया कि फर्जी बलवीर के नाम पर विदेश में बसे असली बलवीर की भूमि को कई लोगों के नाम पर कर दिया। फर्जीवाड़े से कराई रजिस्ट्री में चन्दन और राजेश पाल खुद गवाह बने हुए हैं। नकली बलवीर ने कुछ भूमि की रजिस्ट्री सीधे चन्दन तथा अन्य को की। इसके बाद चन्दन ने फर्जीवाड़े से अपने नाम हुई भूमि का कुछ हिस्सा राजेश पाल की पत्नी के नाम कर दिया।
मामले में पुलिस ने राजेश पाल, चंदन व बलवीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की है। इधर, भाजपा के पीरूमदारा मंडल अध्यक्ष बलवीर सिंह रावत ने बताया कि राजेश पाल पूर्व में भाजपा युवा मोर्चा का मंडल अध्यक्ष रहा है। जमीन के प्रकरण में नाम आने पर उसे पूर्व में ही पद से हटा दिया था।

पीरूमदारा में भूमि को खुर्द-बुर्द कर कई लोगों के नाम करने के मामले में प्रथमदृष्टया जांच के दौरान तीन लोगों के खिलाफ धारा 336 (3), 338, 340(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच प्रक्रिया गतिमान है।