Uttarakhand News 22 June 2023 Nainital-Haldwani:डीएम वंदना ने करीब 15 दिन पूर्व हल्द्वानी के 22 स्थानों का निरीक्षण किया था। उन्होंने इन 22 स्थानों पर यातायात सुगम बनाने के प्लान मांगे थे। डीएम ने कहा कि उत्तराखंड अर्बन सेक्टर डेवलपमेंट एजेंसी (यूयूएसडीए) 2200 करोड़ रुपये से होने वाले विकास कार्य के प्रस्ताव बना रहा है। कहा कि यूयूएसडीए से भाखड़ा पुल से कमलुवागांजा तक सड़क को फोरलेन के प्रस्ताव को भी इसमें शामिल करने को कहा गया है। यूयूएसडीए जमीन संबंधी अड़चन के कारण इस प्रोजेक्ट को लेने से मना कर रहा था। अब इसे सुलझा लिया गया है। डीएम ने कहा कि लोनिवि ने कालाढूंगी रोड पर कपिलाज के पास ड्रेनेज के लिए नाली तो बनाई है लेकिन निकास सही नहीं होने के कारण यहां पानी जमा हो रहा है। पीडब्लूडी के अधिकारियों से इसे सही करने के लिए कहा गया है।

डीएम ने कहा कि प्राधिकरण से बजट की अनुमति ले ली गई है। विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी।

यह हैं प्लान
= मंडी के पास चौकी और मंदिर के कारण जाम लगता है। इसे शिफ्ट करने के लिए लोनिवि को प्रस्ताव बनाने के लिए कहा गया है।
= तीनपानी से मुक्त विश्वविद्यालय होते हुए सुशीला तिवारी तक नहर कवरिंग की जाएगी। इसके लिए लोनिवि को प्रस्ताव बनाने के लिए कहा गया है।
= सिंधी चौराहे को चौड़ा किया जाएगा। यातायात नगर के सामने भी सड़क चौड़ी की जाएगी।
= लालडांठ तिराहा बाई ओर से चौड़ा किया जाएगा। चौफुला से चंबल पुल के पास 35 मीटर नहर कवर करने से छूट गई थी। इसे पूरा करने के लिए कहा गया है।

चौड़े होंगे तीन तिराहे, सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा
हल्द्वानी। जिला प्रशासन जाम वाली जगह के तीन चौराहे की चौड़ाई बढ़ाने जा रहा है। साथ ही इनका सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा। डीएम ने बताया कि कॉलटैक्स, नरीमन और रानीबाग तिराहे को चौड़ा किया जाएगा। इनका सौंदर्यीकरण भी होगा। लोक निर्माण विभाग और एनएच से इसका प्रस्ताव देने के लिए कहा गया है।