Uttarakhand News 27 November 2023: शनिवार को नैनीताल पहुंचे भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी एक बार फिर चर्चा में हैं। दरअसल, सड़क हादसे के दौरान उन्होंने खाई में गिरी कार में फंसे एक शख्स की जान बचाई है।

भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी गेंदबाज मोहम्मद शमी फिर चर्चा में हैं। दरअसल, सड़क हादसे के दौरान उन्होंने खाई में गिरी कार में फंसे एक शख्स की जान बचाई है। घटना नैनीताल की है।

जानकारी के अनुसार मुरादाबाद निवासी अनुरूप सैनी शनिवार को कैंची धाम दर्शन के लिए आए थे। वापसी में मंगोली के पास उनकी कार अनियंत्रित हो गई। इससे पहले वह कार को संभाल पाते कार खाई की ओर लटक कर रुक गई। इस दौरान राहगीरों और क्रिकेटर मो. शमी ने अपने वाहन रोककर अनुरूप सैनी को कार से निकालने में मदद की। वह उस व्यक्ति को कार में से बड़ी सावधानी के साथ निकालते हैं। इस घटना का वीडियो उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा किया।

वीडियो अपलोड करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा, किसी को बचाकर बहुत खुशी हुई। वह बहुत भाग्यशाली है कि भगवान ने दूसरा जीवन दिया। उसकी कार मेरी कार के ठीक सामने नैनीताल के पास पहाड़ी सड़क से नीचे गिर गई। हमने उन्हें बहुत सावधानी से बाहर निकाला।