Uttarakhand News 14 Jan 2026: माघ मास शुरू होते ही घरों में शुभ कार्य भी शुरू हो गए है। ज्योतिषियों का कहना है कि आगामी छह महीने तक शुभ कार्य निर्बाध रूप से किए जा सकते है। पौष माह में एक महीने तक शुभ कार्य वर्जित रहते हैं। पुरोहित अनिल जोशी ने बताया कि माघ मास शुरू होने के बाद अब शादी और शुभ कार्य शुरू हो जाएंगे। शुभ कार्य आगामी छह माह तक किए जा सकते हैं।
माघ मास में अन्न, वस्त्र, तिल, गुड़, घी और धन का दान शुभ माना जाता है। इसे दान-पुण्य का मास भी कहा जाता है। माघ लगते ही शादी बरातों की तैयारियां शुरू होने लगीं हैं। गेस्ट हाउस और मैरिज होम, निमंत्रण कार्डों की छपाई के लिए लोगों ने भागदौड़ शुरू कर दी है। होटल संचालक दिनेश चंद्र, प्रकाश सिंह, नवीन चंद्र ने बताया कि जिन परिवारों में शादी समारोह की तैयारी है उन लोगों ने बुकिंग करा ली है। इधर स्टेशन बाजार बैंड मास्टर वाहिद,आरिफ ने बताया कि माघ के पहले दिन तीन लोगों ने बारात बुकिंग कराई।
माघ मास की शुरुआत हर साल मकर संक्रांति के दिन होती है। धार्मिक गंथों के अनुसार माघ में धर्म-कर्म और स्नान का विशेष महत्व है। इसको भाग्य वर्धक माह भी कहा जाता है। क्योंकि इस दौरान किए गए धार्मिक कार्य, स्नान, दान और व्रत व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक प्रभाव डालते हैं। – पुरोहित गिरीश कलौनी, भरछाना, राधाकृष्ण मंदिर
माघ मास धार्मिक परंपराओं को निभाने का शुभ समय माना जाता है। इसके साथ ही यह आत्मशुद्धि और धर्मपरायण कार्य करने के लिए अत्यंत लाभकारी होता है। इस महीने में किए गए सभी पुण्य कर्यों का फल आपके भाग्य को सवांरता है साथ ही भगवान के भक्ति का अवसर प्रदान करता है। – पुरोहित मदन कलौनी, जाख जिंडी










