Uttarakhand News 10 April 2026: झाझरा से गिरफ्तार किए गए संदिग्ध आतंकी विक्रांत से पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। इनमें शहर के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशाना बनाने की साजिश का पर्दाफाश हुआ है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला का कट्टर प्रशंसक था और उनकी हत्या से बेहद आक्रोशित था।

इसी भावना से वह सोशल मीडिया के जरिये पाकिस्तान स्थित शहजाद भट्टी के संपर्क में आया, जिसने सिद्धू मूसेवाला की हत्या का बदला लेने से जुड़े भड़काऊ पोस्ट और रील्स डाल रखी थी। इसके बाद उसे अलग-अलग टास्क दिए जाने लगे। शुरुआत में उसे देहरादून और आसपास के इलाकों, खासकर पुलिस थानों और प्रमुख स्थानों की वीडियो बनाकर भेजने को कहा गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने पुलिस चौकी झाझरा की लोकेशन और वीडियो फुटेज तक पाकिस्तान भेजी। इसके बाद उसे और गंभीर टास्क सौंपे गए जिसमें आईएमए, आईएसबीटी और पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) जैसे संवेदनशील संस्थानों की रेकी कर उनकी वीडियो भेजना शामिल था। उसने इनमें से भी कुछ स्थानों के फोटो-वीडियो पाकिस्तान भेजे थे।

पूछताछ में आरोपी विक्रांत ने बताया कि पाकिस्तानी से उसे निर्देश मिले थे कि ये जगहें तुम्हें बम से उड़ानी है, बम, हथियार और पैसे गुर्जर नाम का व्यक्ति देगा। घटना को अंजाम देने से पहले ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पीएम के दौरे से पहले दून में संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार: ISI एजेंट का था हैंडलर, मूसेवाला की हत्या से था आहत

कई जगह लिखा तहरीक-ए-तालिबान- हिन्दुस्तान
आरोपी को तहरीक-ए-तालिबान- हिन्दुस्तान (टीटीएच) के नाम से दहशत फैलाने का निर्देश दिया गया था। इसके तहत उसने देहरादून के कई स्थानों सेलाकुई, अडवाणी पुल और झाझरा के पास दीवारों पर स्प्रे पेंट से टीटीएच लिखकर उसकी वीडियो बनाकर पाकिस्तान भेजी। इस पूरे खुलासे के बाद देहरादून समेत आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है और अन्य संभावित लिंक की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त पहले वर्ष 2024 और 2025 में पंजाब के नाभा में रह चुका है, जहां वह ट्रकों की बॉडी बनाने का काम करता था।

सीसीटीवी कैमरों की भी भेजी लोकेशन
पाकिस्तान से शहजाद भट्टी के कहने पर आरोपी ने देहरादून में विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की भी लोकेशन पाकिस्तान भेजी। अधिकारियों ने बताया कि लंबे कई महीने से वह देहरादून में विभिन्न स्थानों की रेकी कर रहा था। कई महत्वपूर्ण स्थानों की उसने फोटो और वीडियो लिए हैं।