Uttarakhand News 7 Oct 2026: राजधानी में महज 300 रुपये की मजदूरी के विवाद ने तीन जिंदगियां लील लीं। रायपुर की विष्णु लोक कालोनी में मंगलवार दिनदहाड़े घर में पलंबिंग का काम करने आए युवक ने आर्डिनेंस फैक्ट्री से सेवानिवृत्त अधिकारी और उनकी सेवानिवृत्त शिक्षिका पत्नी समेत पड़ोस में काम करने वाली महिला घरेलू सहायिका की पेचकस से गोदकर हत्या कर दी।

आरोपित पहले विवाद के बाद घर से निकल गया, लेकिन कुछ देर बाद लौटा और बुजुर्ग महिला के गले से चेन छीनने के बाद दंपती पर हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर पड़ोस के घर से बीच-बचाव करने पहुंची नौकरानी को भी उसने नहीं बख्शा। चेन लूटकर भाग रहे आरोपित को पड़ोसियों ने दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे तपोवन क्षेत्र की विष्णु लोक कालोनी में घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची। घर के भीतर रमेश कपूर (80), उनकी पत्नी रजनी कपूर (75) और नौकरानी तिलया देवी उर्फ शीला (48) लहूलुहान हालत में मिले। स्थानीय लोगों ने तीनों को निजी वाहनों से कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल के अनुसार आरोपित राजकुमार निवासी इंद्रेश नगर सहारनपुर चौक देहरादून (मूल निवासी- बांदा थाना किरतपुर जिला-बिजनौर उत्तर प्रदेश)को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है। रमेश कपूर आर्डिनेंस फैक्ट्री से सेवानिवृत्त थे जबकि रजनी कपूर आर्डिनेंस फैक्ट्री इंटर कालेज से ही बतौर प्रवक्ता सेवानिवृत्त हुई थी। उनके दो बेटे हैं, जिनमें एक पुणे जबकि दूसरा दिल्ली रहता है। हत्याकांड की सूचना पर दोनों देहरादून आ रहे हैं।

दो घंटे काम, पूरी मजदूरी पर अड़ा था
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपित करीब दो वर्ष से बुजुर्ग दंपती के घर पलंबिंग का काम करने आता था। मंगलवार को उसने करीब दो घंटे काम किया व पूरे दिन की 600 रुपये मजदूरी मांगने लगा, जबकि बुजुर्ग दंपती आधे दिन के काम के 300 रुपये देने को तैयार थे। इसी बात को लेकर कहासुनी हुई।

आरोपित उस समय घर से चला गया। कुछ देर बाद वह दोबारा घर में घुसा। आरोप है कि उसने रजनी कपूर के गले से चेन छीन ली और दंपती पर पेचकस से हमला कर दिया। शोर सुनकर शीला बीच-बचाव करने पहुंची तो उस पर भी कई वार किए। तीनों की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई।

चेन लेकर भागा तो पड़ोसियों ने घेरा
वारदात के बाद आरोपित चेन लेकर भागने लगा। पड़ोसियों ने उसे देख लिया और पीछा कर दबोच लिया। पुलिस के पहुंचने तक स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ रखा था। पूछताछ में उसने बुजुर्ग दंपती और महिला पर हमला करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।