Uttarakhand News 1 April 2026: नैनीताल के मंगोली क्षेत्र में शराब की प्रस्तावित दुकान के विरोध में ग्रामीणों का आंदोलन तेज होता जा रहा है। मंगलवार को तीसरे दिन महिलाओं ने बजून क्षेत्र में धरना देकर अपना विरोध जताया। शाम को महिलाओं ने कुमाऊं आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर शराब की दुकान क्षेत्र से हटाने की मांग की है। महिलाओं ने साफ कहा कि अगर बुधवार सुबह 10 बजे तक सकारात्मक पहल नहीं हुई तो वह वाहनों के चक्के जाम कर देंगी।
मंगोली में शराब की दुकान के विरोध में ग्रामीणों ने विरोध तेज कर दिया है। मंगलवार को महिलाओं ने बजून में शराब की दुकान के विरोध में नारेबाजी कर धरना प्रदर्शन किया। महिलाओं ने कहा कि स्कूल के पास मदिरा की दुकान खुलेगी जो बच्चों के भविष्य और क्षेत्र के सामाजिक वातावरण पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने इसे नियमों के विपरीत बताते हुए प्रशासन से प्रस्ताव तत्काल रद्द करने की मांग की। शाम को क्षेत्र में पहुंचे कुमाऊं आयुक्त को ज्ञापन देते हुए महिलाओं ने कहा कि बुधवार सुबह 10 बजे तक कोई कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीण चक्का जाम करेंगे जिससे व्यवस्था बिगड़ने पर जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। धरने पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य हिमांशु पांडे, ग्राम प्रधान प्रेमा मेहरा, हंशी नेगी, खुशाल बिष्ट, गोविंद सिंह, सूरज अधिकारी, हंसी नेगी, हेम बहुखंडी आदि मौजूद रहे।










