Uttarakhand News 13 April 2026: देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों मंगलवार को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण होगा। इसके साथ ही उत्तराखंड के लिए संभावनाओं के नए कपाट खुल जाएंगे। यह एक्सप्रेसवे राज्य के चहुंमुखी और संतुलित विकास को नई रफ्तार देगा।

दिल्ली की यात्रा का समय घटकर महज ढाई घंटे रह जाएगा, वहीं उत्तराखंड की दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत के करीब 25 बड़े आर्थिक केंद्रों से सीधी कनेक्टिविटी स्थापित होगी।

इससे राज्य में पर्यटन, उद्योग, कृषि और सेवा क्षेत्र को नई ऊर्जा और विस्तार मिलेगा। निवेश को बढ़ावा मिलने के साथ ही रोजगार के अवसरों में भी उल्लेखनीय वृद्धि की उम्मीद है। यह एक्सप्रेसवे उत्तराखंड को पारंपरिक पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था से आगे बढ़ाकर विकास के नए माडल के तौर पर स्थापित करेगा।

अब राज्य की फसलें व उत्पाद बड़े बाजारों तक तेजी से पहुंच सकेंगे। उत्तराखंड एक अधिक सुलभ पर्यटन राज्य के रूप में उभरेगा। यह एक्सप्रेसवे वाहनों को रफ्तार देने के साथ ही प्रदेश की अर्थव्यवस्था, विकास व संभावनाओं को नई दिशा देने वाला साबित होगा।

दिल्ली से देहरादून की यात्रा का समय छह घंटे से घटकर ढाई घंटे होने से वीकेंड टूरिज्म में वृद्धि की संभावना है। मसूरी, ऋषिकेश, हरिद्वार और चारधाम रूट पर पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। इससे होटल, होमस्टे, ट्रांसपोर्ट और गाइड सेवाओं में सीधा राजस्व बढ़ेगा। पर्यटन, जो पहले से ही राज्य की अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार है, अब सालभर नई गति पकड़ सकेगा।

निवेशकों का बढ़ेगा भरोसा, उद्योग भरेंगे रफ्तार
हरिद्वार और देहरादून के औद्योगिक क्षेत्रों को दिल्ली-एनसीआर के बाजार से तेज और सुगम कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स की सप्लाई चेन मजबूत होगी और लाजिस्टिक्स लागत घटेगी। नए निवेशकों के लिए राज्य अधिक आकर्षक बनेगा, विशेषकर फार्मा, एफएमसीजी व फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में विस्तार की संभावनाएं मजबूत होंगी।

बाजार तक तेज होगी फल-सब्जियों की पहुंच
उत्तराखंड के फल, सब्जियां व डेयरी उत्पाद अब कम समय में दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब तक पहुंच सकेंगे। इससे नुकसान का प्रतिशत घटेगा और किसानों को बेहतर मूल्य मिलने की उम्मीद बढ़ेगी। एक्सप्रेसवे के किनारे कोल्ड स्टोरेज और एग्री-लाजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास की राह भी आसान होगी।

निवेशकों को मिलेगा नया ठिकाना
देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में रियल एस्टेट की मांग में तेजी आने की संभावना है। बेहतर कनेक्टिविटी के कारण दिल्ली-एनसीआर के निवेशक यहां सेकेंड होम और कमर्शियल प्रापर्टी में रुचि दिखा सकते हैं। इससे निर्माण क्षेत्र को गति मिलेगी और स्थानीय आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी।

रोजगार के नए अवसरों से हाथों को मिलेगा काम
पर्यटन, ट्रांसपोर्ट, होटल, निर्माण और सेवा क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। स्थानीय युवाओं को राज्य में ही रोजगार मिलने से पलायन पर नियंत्रण की उम्मीद है। साथ ही छोटे व्यवसायों और स्टार्टअप को भी बढ़ावा मिलेगा।

आस्था को मिलेगी रफ्तार, यात्रा होगी सुगम
हरिद्वार और ऋषिकेश तक आसान पहुंच से चारधाम यात्रा में लगने वाला समय घटेगा और जाम की समस्या कम होगी। इससे यात्रा प्रबंधन बेहतर होगा और श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि संभव है।

दूरी घटेगी, सुविधाएं बढ़ेंगी, जीवन होगा आसान
बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से स्वास्थ्य और शिक्षा सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। आपातकालीन सेवाओं की गति बढ़ेगी। दूरस्थ क्षेत्रों का जुड़ाव मजबूत होने से क्षेत्रीय संतुलन को भी बल मिलेगा।