Uttarakhand News 06 Feb 2026: एक युवती ने दून के प्रापर्टी डीलर से डेटिंग एप से बातचीत शुरू की और इसके बाद निवेश का झांसा देकर 76.90 लाख रुपये की ठगी कर दी। इस मामले में साइबर क्राइम पुलिस में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस खातों की जांच में जुट गई है।

रायपुर निवासी अनिमेश ने बताया कि 30 नवंबर 2025 को उनकी मुलाकात डेटिंग एप पर एक युवती से हुई। युवती ने अपना नाम अंकिता सिंह निवासी देहरादून बताया। एप पर चैट के दौरान वाट्सएप नंबर साझा किया।

पीड़ित ने बताया कि आठ दिसंबर 2025 को युवती ने उन्हें बताया कि वह अपने बिजनेस के साथ फारेक्स ट्रेडिंग भी करती है। युवती ने फारेक्स ट्रेडिंग के फायदे गिनाए।

नौ दिसंबर 2025 से उन्होंने फारेक्स अकांउट बनाया और उसमें रुपये डालने शुरू कर दिए। पहले 90 हजार रुपये निवेश किए। इसके बाद युवती उन्हें रुपये जमा करने के लिए कहती रही।

उनके ट्रेडिंग प्रोफाइल पर सारी जमा रकम और मुनाफा दिखने लगा। 22 दिसंबर 2025 को उन्होंने रकम निकालने की इच्छा जताई तो इसके लिए उनसे 2.12 लाख रुपये जमा कराए गए।

उन्होंने रकम निकालने के लिए अनुरोध किया तो 28 जनवरी 2026 को उन्हें बताया गया कि 30 प्रतिशत इनकम टैक्स एडवांस में ट्रेडिंग प्लेटफार्म के खाते में देना होगा।

पीड़ित के अनुसार, अब तक वह 76.90 लाख रुपये दे चुके हैं। धनराशि निकालने के लिए 22 लाख रुपये और जमा करने का दबाव बनाया जा रहा है। साइबर थाने में इस मामले में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मोबाइल नंबर व खातों की जांच की जा रही है।