Uttarakhand News 01 May 2025: पिथौरागढ़। Uttarakhand Crime: पुलिस ने बिना पासपोर्ट और वीजा के एक विदेशी नागरिक को पकड़ा है। विदेशी अपने को संयुक्त राज्य अमेरिका का बता रहा है। सोमवार रात्रि को जिला मुख्यालय के निकट बिण क्षेत्र स्थानीय नागरिकों द्वारा एक संदिग्ध युवक को घूमते हुए देखा गया जो झूलाघाट से नेपाल जाने का मार्ग पूछ रहा था ।

युवक के पास कोई पासपोर्ट ,वीजा और पहचान पत्र नहीं था और वह हिंदी में बात करने में भी असमर्थ था। युवकों ने तत्काल इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस विदेशी नागरिक को कोतवाली लायी।

युवक से पूछताछ:
कोतवाली विश्राम कक्ष में युवक को रख कर पूछताछ की गई । मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन पर पुलिस क्षेत्राधिकारी जीबी जोशी की मौजूदगी में पुलिस निरीक्षक ललित मोहन जोशी और एसएसआइ मदन सिंह बिष्ट द्वारा आवश्यक कार्यवाही की गई।

प्रारंभिक पूछताछ एवं सुरक्षा एजेंसियों की जांच में युवक ने अपना नाम हेनरी मिचल पुत्र जेरेमी मिचल और अपने को संयुक्त राज्य अमेरिका का नागरिक होना बताया। उसके पास भारत मेें आने व रहने के लिए कोई वैध यात्रा दस्तावेज, पासपोर्ट और वीजा नहीं पाया गया ।

मामला दर्ज:
विदेशी नागरिक अपनी नागरिकता और भारत में प्रवेश के संबंध कोई संतोषजनक जानकारी नहीं दे सका । इन तथ्यों के आधार पर विदेशी नागरिक हेनरी मिचेल के विरु द्ध कोतवाली पिथौरागढ़ में धारा 3 पासपोर्ट अधिनियम और एवं धारा 14 विदेशी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया । युवक को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।