Uttarakhand News 31 July 2025: सितारगंज। सैंजनी में मंगलवार शाम खेत में पानी लगाने जैसा मामूली काम एक परिवार के लिए मृत्यु का कारण बन गया। विवाद के चंद मिनट बाद ही आरोपित ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बता दे की जमानत पर छूटे आरोपित ने घटना को अंजाम दिया हैं। हत्याकांड से गांव में मातम फैला हैं।

मंगलवार ग्राम सैंजनी निवासी सुरजीत सिंह राणा 25 वर्ष पुत्र धीर सिंह राणा अपने खेत में पानी लगा रहा था। तभी पड़ोसी से खेत की तारबंदी को लेकर कहासुनी हुई। गुस्से से उफनते पड़ोसी ने अचानक तमंचा निकालकर सुरजीत के गोली दाग दी। गोली चलने की आवाज़ और सुरजीत की चीख ने पूरे गांव को दहला दिया। लोग दौड़ते हुए पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

सुरजीत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हत्याकांड से गांव में दहशत फैल गई। महिलाएं रोती रहीं, पुरुष स्तब्ध रह गए। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी अपहरण जैसे गंभीर मामलों में जेल जा चुका है। ग्रामीणों का कहना है कि यह सिर्फ खेत का झगड़ा नहीं, बल्कि चुनावी रंजिश और पुरानी दुश्मनी की साजिश हो सकती है।

सरकड़ा चौकी इंचार्ज सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि सुरजीत पर खेत में पानी लगाने के दौरान फायरिंग की गई, जिसमें उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की ओर से कार्रवाई जारी है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।