Uttarakhand News 09 Mar 2026: देहरादून। आरबीआई कर्मी बनकर साइबर ठगों ने मलूकावाला के एक व्यक्ति से 30 लाख 79 हजार 400 रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने कई किश्तों में अपने खातों में रकम जमा कराई। ठगों ने पालिसी की धनराशि को खाते में जमा कराने का झांसा देकर ठगी की। पीड़ित ने कोतवाली विकासनगर में मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित विनोद मंडी में आढ़त का काम करता है।
कोतवाली विकासनगर में विनोद कुमार निवासी ग्राम मलूकावाला ने दी तहरीर में कहा कि उसके मोबाइल नंबर पर पांच जनवरी 2026 को एक व्यक्ति का कॉल आया। उसने बताया कि वह आरबीआई से बोल रहा है। कहा कि आपकी फाइल उसके पास आ रखी है। जिसमें पैसे रिलीज होने हैं।
जिसके लिए उसे केपिटल गेन में टैक्स के संबंध में पालिसी की रकम खाते में ट्रांसफर कराने के लिए नौ लाख 40 हजार रुपये जमा कराने के लिए कहा गया। जिसके बाद उसने सात जनवरी को 4,78,600 रुपये जमा करा दिए। फिर 15 जनवरी को 9,40,000 रुपये जमा कराए। जिसके बाद ठग ने फोन कर बताया कि जमा की गई रकम पूरी नहीं है और जो पॉलिसी की धनराशि है, वह बहुत ज्यादा है।
धनराशि को आपके खाते में ट्रांसफर करने के लिए 94,500 रुपये और जमा करने होंगे। जिसके बाद उसने 94,500 रुपये और जमा कर दिए। जिसके बाद एजेंट ने फिर से उन्हें फोन कर कहा कि आपको 25 लाख रुपये के बांड सरकारी खाते में दिखाने होंगे।
जिसके लिए आप 9,86,800 रुपये और जमा करा दो। 23 जनवरी को उसने 9,86,800 रुपये और जमा कर दिए। इस तरह उन्होंने 30 लाख 79 हजार 400 रुपये जमा कराए। इसके बाद ठग ने अपना नंबर बंद कर दिया।










