Uttarakhand News 04 Aug 2026: देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में शिक्षा, पेयजल और धार्मिक पर्यटन से जुड़ी विभिन्न विकास योजनाओं के लिए करीब 150 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने वीर चंद्र सिंह गढ़वाली उत्तराखंड औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, भरसार के लिए राज्य आकस्मिकता निधि से 33.54 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन किया।
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से टिहरी गढ़वाल जिले के देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कीर्तिनगर के खोलाकडाकोट स्थित डुंडेश्वर महादेव मंदिर के सुंदरीकरण के लिए 1.05 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।
सहस्त्रधारा पेयजल योजना के लिए 113.15 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए
पेयजल क्षेत्र में चंपावत जिले के लोहाघाट विकासखंड में पाऊ पंपिंग योजना के सुदृढ़ीकरण के लिए 2.69 करोड़ रुपये तथा अमृत 2.0 के तहत सहस्त्रधारा पेयजल योजना के लिए 113.15 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से बड़ी आबादी को बेहतर और नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होगी, साथ ही प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं और धार्मिक पर्यटन को भी मजबूती मिलेगी।










