Uttarakhand News 12 Mar 2026: उधमसिंह नगर। पंडित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रोद्योगिकी विवि पंतनगर में किसान मेला 13 मार्च से 16 तक लगेगा। 14 मार्च को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पंतनगर पहुंचकर इसका उद्घाटन करेंगे। इसकी तैयारियां तेज हो गई हैं।

निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. जितेन्द्र क्वात्रा ने बताया। 119वें अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी में छोटे-बड़े स्टालों सहित अब तक 350 स्टाल बुक हो चुके हैं। जिनमें 150 बड़े एवं 200 छोटे स्टाल हैं। इस बार किसान मेले में 18 से 20 हजार से अधिक किसानों को आने की संभावना है।

किसानों की ठहरने की व्यवस्था मेला प्रांगण में ही की गई है। मेले के उद्घाटन में विशिष्ट अतिथि कृषि मंत्री गणेश जोशी, सांसद अजय भट्ट, विधायक, विश्वविद्यालय प्रबंध परिषद के सदस्य, जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी रहेंगे।

किसान मेले की थीम होगी ‘सशक्त महिला – समृद्ध खेती’
जीबी पंत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनमोहन सिंह चौहान ने तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में कहा कि इस बार 119वें अखिल भारतीय किसान मेले की थीम ‘सशक्त महिला – समृद्ध खेती’ है। भारतीय कृषि की प्रगति में महिलाओं की भूमिका सदैव महत्वपूर्ण रही है।

कुलपति ने कहा कि खेतों में श्रम, पशुपालन, बीज संरक्षण, खाद्य प्रसंस्करण तथा परिवार और कृषि प्रबंधन जैसे अनेक क्षेत्रों में महिलाएं निरंतर अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी निभा रही हैं। आज आवश्यकता है कि हम उनकी इस भूमिका को और अधिक सशक्त बनाते हुए उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों, प्रशिक्षण, वित्तीय संसाधनों और उद्यमिता के अवसरों से जोड़ें।

जब ग्रामीण महिला सशक्त होगी, तभी खेती वास्तव में समृद्ध और टिकाऊ बन सकेगी। इसके अलावा, किसानों को उन्नत धान, बागवानी एवं सब्जियों के बीज उपलब्ध कराए जाएंगे। कृषि अनुसंधान से जुड़े नवीनतम नवाचारों को प्रदर्शित किया जाएगा।

मेले में विभिन्न महाविद्यालयों द्वारा पिछले दो वर्षों में किए गए शोध कार्यों, नवाचारों तथा आधुनिक कृषि तकनीकों पर आधारित विशेष स्टाल लगाया जाएगा। चार-दिवसीय इस मेले में किसान गोष्ठियां होंगी।