Uttarakhand News 26 Feb 2026: लोक भवन में गुरुवार को होली मिलन एवं उत्कृष्ट सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को मिलने वाला सम्मान उसके परिश्रम और समर्पण का परिणाम होता है। उन्होंने कहा कि सम्मान मिलने के साथ जिम्मेदारियाँ भी बढ़ जाती हैं और सम्मानित व्यक्ति से परिवार, समाज तथा कार्यस्थल की अपेक्षाएँ बढ़ जाती हैं।

उन्होंने अनुशासन और मर्यादा को जीवन में सफलता के लिए आवश्यक बताते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी लगन और जिम्मेदारी से करना चाहिए। राज्यपाल ने कहा कि उत्कृष्टता की कोई सीमा नहीं होती, इसलिए सभी को अपने कार्य में निरंतर सुधार का प्रयास करते रहना चाहिए।

उन्होंने कार्मिकों से सत्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि जीवन में नैतिक सीमाएँ तय कर किसी भी प्रकार के लालच और भ्रष्ट आचरण से दूर रहना चाहिए। ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा ही एक अच्छे कर्मचारी और नागरिक की पहचान होती है।

आगामी होली पर्व की शुभकामनाएँ देते हुए राज्यपाल ने कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का प्रतीक है तथा यह त्योहार आपसी मनमुटाव भुलाकर संबंधों को मजबूत करने का संदेश देता है।

इस अवसर पर प्रथम महिला गुरमीत कौर, राज्यपाल सचिव रविनाथ रामन, विधि परामर्शी कौशल किशोर शुक्ल, अपर सचिव रीना जोशी सहित लोक भवन के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।