Uttarakhand News 28 Jan 2026: 26 जनवरी को शराब की दुकानें बंद होने पर चोर मदिरा की दुकान के ताले तोड़कर वहां से शराब की पेटी चोरी कर ली। चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इस मामले में राजपुर थाना पुलिस ने आरोपित सुरेश सिंह निवासी आनंद विहार निकट टचवुड स्कूल सहस्त्रधारा रोड को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपित के पास से ब्लेंडर प्राइड व रायल स्टेग की 13 शराब की बोतलें बरामद की गई हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि 26 जनवरी को दिनेश मल्होत्रा निवासी कुल्हान सहस्त्रधारा रोड ने राजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी विदेशी मदिरा की दुकान कुल्हानगांव में है।

बुधवार प्रात: उन्होंने दुकान में जाकर देखा कि दुकान के ताले टूटे हुए थे। इस मामले में तत्काल राजपुर थाने को सूचना दी गई। सीसीटीवी में चोर दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसता हुआ और दुकान से शराब की बोतलें निकालते हुए दिख रहा है। चोर दुकान से कुछ नकद धनराशि भी ले गया। इस मामले में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया।सीसीटीवी कैमरों के आधार पर थानाध्यक्ष राजपुर प्रदीप रावत व उनकी टीम ने आरोपित सुरेश सिंह आईटी पार्क के पास से गिरफ्तार कर लिया।उसके पास से चोरी की गई शराब की बोतलें बरामद की गई। पूछताछ में पता चला कि आरोपित नशे का आदि है और नशे की पूर्ति के लिए उसने शराब की बोतलें चोरी की।

व्यापारियों से लाखों रुपये का माल लेकर आरोपित हुआ फरार
देहरादून: भंडारी बाग, आढ़त बाजार, धामावाला व किशननगर चौक में व्यापारियों से लाखों रुपये का माल लेकर एक दुकानदार फरार हो गया। इस मामले में शहर कोतवाली में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस को दी तहरीर में मन्नु गुप्ता निवासी भंडारी बाग ने बताया कि लक्खीबाग स्थित मैसर्स गुप्ता मार्केटिंग का मालिक चंद्रशेखर गुप्ता ने छह दुकानदारों से सामान उधार लिया था।

इनमें गाबा एजेंसी भंडारी बाग से 70,046 रुपये, लाल ब्रदर्स आढ़त बाजार से 58,322 रुपये, सहारनपुर ट्रेडर्स धामावाला से 19,414 रुपये, शाकुम्भरी एंटरप्राइजेज भंडारीबाग से 70,048 रुपये, एमएम डिस्ट्रीब्यूटर्स भंडारीबाग से 87,210 रुपये व जीएस एजेन्सीज किशननगर से 36,900 रुपये का सामान लिया था। इसके बदले आरोपित ने चेक दिए थे। सोमवार को पता चला कि दुकानदार दुकान बंद करके सबका माल लेकर फरार हो गया है। उसने अपना मोबाइल भी स्विच आफ कर दिया है। शहर कोतवाल प्रदीप पंत ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।

दून से बाहर गया था परिवार, चोरों ने ताले तोड़कर किया हाथ साफ
देहरादून: चमन विहार में चोरों ने एक बंद घर के ताले तोड़कर वहां से नकदी व गहने चोरी कर लिए। इस मामले में पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी तहरीर में अमित कुमार निवासी चमन विहार ने बताया कि 19 जनवरी की शाम से 25 जनवरी तक वह परिवार सहित देहरादून शहर से बाहर गए थे। 25 जनवरी की रात को जब परिवार सहित आवास पर लौटे तो देखा कि घर के मुख्य गेट से अंदर जाने पर देखा की मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और घर के अंदर सामान बिखरा हुआ है।

घर के अंदर जाने पर पता चला चला कि चोर लगभग 40 हजार नकद व कान की बाली, गले का हार, हाथ की घड़ी व कुछ चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गया। जाते समय चोर घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी चोरी करके ले गए। पटेलनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।