Uttarakhand News 24 Jan 2025: भीमताल नगर के गोरखपुर क्षेत्र में एक निर्माणधीन मकान की दीवार गिरने से एक महिला मजदूर की मौत हो गई जबकि दो मजदूर घायल हो गए। एक घायल की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद उसे रेफर किया गया है, जबकि दूसरे को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
थानाध्यक्ष विमल मिश्रा ने बताया कि गोरखपुर चौराहे के पास एक मकान बनाया जा रहा है। बृहस्पतिवार शाम करीब 4:30 बजे मकान की एक दीवार गिर गई। इसके नीचे दबने से श्रमिक मालती देवी (35) पत्नी दीपक भुइया निवासी पलामू झारखंड, सुशीला देवी और पुष्प चंद्र घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को मलबे से बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अपने वाहन से तीनों को भीमताल सीएचसी पहुंचाया। यहां डॉक्टर ने मालती देवी को मृत घोषित कर दिया।
प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर रूप से घायल सुशीला देवी को हल्द्वानी एसटीएच रेफर किया गया है जबकि पुष्प चंद्र को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। सीएचसी के डॉ हेमंत मर्तोलिया ने बताया कि महिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ चुकी थी।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मालती देवी के शव को मोर्चरी में रखा गया है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के लिए शव नैनीताल भेजा जाएगा। घटना की सूचना मृतका के परिजनों को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि हादसे का कारण का पता लगाया जा रहा है। घायलों को बचाने वालों में भानु लोशाली, भूपेंद्र कनौजिया, अमति पडलिया, भास्कर भगवाल आदि शामिल रहे।