Uttarakhand News 14 Mar 2026: बस से उतरते समय गिरकर घायल हुई महिला को चार अस्पतालों में ले जाने पर भी बचाया नहीं जा सका। उसे कहीं समय पर उपचार नहीं मिला तो कहीं बेड खाली नहीं थे। छह घंटे तक स्वजन करीब 115 किमी दौड़ते रहे।
घटना गुरुवार शाम करीब साढ़े तीन बजे की है। पंचूर गांव की 50 वर्षीय बृहस्पति देवी किसी काम से ब्लाक मुख्यालय हिंडोलाखाल गई थीं। बस से उतरते समय वह फिसलकर सड़क पर गिर गईं।
गंभीर रूप से चोटिल होने पर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हिंडोलाखाल ले जाया गया। रक्तस्राव को नियंत्रित कर उन्हें बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर कर दिया गया। वहां से भी एम्स ऋषिकेश भेजा गया।
बृहस्पति के स्वजन के मुताबिक एम्स में बेड नहीं मिलने पर हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट ले जाना पड़ा। तमाम कोशिशों के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका।
सीएचससी की डा. तानिया ने बताया कि सर्जन और अल्ट्रासाउंड नहीं होने से श्रीनगर रेफर करना पड़ा। बेस अस्पताल चिकित्सा अधीक्षक डा. राकेश सिंह रावत ने बताया कि आंतरिक गंभीर चोट और कूल्हे की हड्डी के फैक्चर होने पर मरीज को एम्स भेजा गया।










