Uttarakhand News 29 Jan 2026: उत्तरकाशी। बदरी-केदार मंदिर समिति के बाद श्री पांच गंगोत्री मंदिर समिति ने गंगोत्री धाम की धार्मिक मर्यादा और परंपराओं को बनाए रखने के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है, जिसके तहत समिति ने गंगोत्री धाम में गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है। यह निर्णय धाम के साथ-साथ मां गंगा के शीतकालीन प्रवास स्थल मुखवा में भी लागू होगा।
मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने बताया कि समिति यह सुनिश्चित करेगी कि गैर-हिंदुओं को मंदिर परिसर, गंगा घाट एवं आसपास के धार्मिक क्षेत्रों में प्रवेश न दिया जाए। उन्होंने कहा कि यह कदम गंगोत्री धाम की पवित्रता और धार्मिक परंपराओं की रक्षा के उद्देश्य से उठाया गया है।
आगामी चारधाम यात्रा सीजन में मंदिर समिति द्वारा इस निर्णय के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए स्थानीय स्तर पर निगरानी एवं आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी। समिति ने स्पष्ट किया है कि गंगोत्री धाम की धार्मिक आस्था और परंपराओं के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। हालांकि इस प्रतिबंध से सिख व बौद्ध संप्रदाय से जुड़े लोगों को मुक्त रखा गया है।










