Uttarakhand News 31 May 2025: देहरादून। पति ने एक महिला के साथ मिलकर पत्नी के नाम का मकान बैंक में बंधक बना दिया और उस पर 20.70 लाख रुपये का लोन ले लिया। पत्नी को जब बैंक से किश्त के लिए नोटिस भेजा गया तब पीड़ित को फर्जीवाड़े का पता चला। इस मामले में क्लेमेनटाउन थाना पुलिस ने आरोपित पति व उसकी महिला मित्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
क्लेमेनटाउन थाने में दी तहरीर में सलमा अंजुम निवासी इस्लाम नगर, टोली मंगलौर, थाना मंगलौर ने बताया कि उसकी शादी रईस अहमद निवासी शकुंतला विहार, थाना क्लेमेनटाउन के साथ हुई थी। महिला ने बताया कि उसके पिता नसीम अहमद ने उसके नाम पर एक मकान टर्नर रोड पर 18 अप्रैल 2019 को लिया। इसमें उसका भाई सादिक व पति रईस अहमद बतौर गवाह थे। तभी से मकान उनके नाम पर था। यह मकान उन्होंने 16 अक्टूबर 2023 को खुशनुदा को विक्रय कर दिया।
पति के साथ विवाद होने पर अलग रह रही थी पत्नी, आरोपित ने कर दिया फर्जीवाड़ा:
महिलाने बताया कि वर्ष 2023 से उसका पति के साथ कुछ मतभेद चलने लगा जिसके कारण वह अपने पिता के घर पर रह रही है क्योंकि रईस अहमद उस पर मकान बेचकर रुपये देने का दबाव बना रहा है। सितंबर माह में क्लेमेनटाउन क्षेत्र में उनका बैग जिसमें आधार कार्ड व बैनामा कहीं गिर गया था। 10 फरवरी 2025 को उन्हें बैंक से किश्त जमा करने के लिए नोटिस आया। जब उन्होंने बैंक जाकर पता किया तो बताया गया कि मकान पर लोन लिया गया है।
जांच के बाद लगी जानकारी
जांच करने पर उन्हें पता चला कि उनके पति रईस अहमद ने महिला खुशनुदा को उनकी जगह दर्शाया और फर्जी हस्ताक्षर करके जून 2023 में 20.70 लाख रुपये का लोन ले लिया। क्लेमेनटाउन थानाध्यक्ष संदीप कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर रईस अहमद निवासी क्लेमेनटाउन व खुशनुदा निवासी मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।