Uttarakhand News 10 July 2025: हल्द्वानी। नशे की हालत में घूम रहे अफ्रीकी नागरिक को पूछताछ के लिए हल्द्वानी कोतवाली लाना पुलिस कर्मियों पर भारी पड़ गया। कोतवाली के अंदर घुसकर अफ्रीकी नागरिक ने पुलिस कर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। उससे बचने के लिए पुलिस जवान इधर-उधर भागते नजर आए। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हो गया है। हैरानी ये है कि पुलिस ने बिना कार्रवाई के उसे छोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार मंगलवार की देर रात रोडवेज बस अड्डे के पास एक विदेशी नागरिक नशे की हालत में था। जिसे पूछताछ के लिए कोतवाली लाया गया। रात को नशा होने पर नागरिक चुप रहा। सुबह होते ही उसने हंगामा काटना शुरू कर दिया। पुलिस कर्मी न तो उसकी भाषा समझ पाए और न ही विदेशी नागरिक पुलिस की भाषा को समझ पाया।

कोतवाली से जब वह भागने का प्रयास करने लगा तो पुलिस कर्मियों ने उसे पकड़ लिया। इस पर उसने पुलिस कर्मियों पर हाथ छोड़ दिया। दौड़ा-दौड़ाकर पुलिस कर्मियों व होमगार्ड को पीटा गया। उससे बचने के लिए पुलिस कर्मी व होमगार्ड भागते हुए नजर आए।

मारपीट में सिपाही की शर्ट फटी
मारपीट के दौरान एक सिपाही की शर्ट फट गई। चार सिपाही मिलकर भी अफ्रीकी नागरिक को नहीं संभाल पाए। किसी तरह उसे काबू में किया गया। बाद में बगैर कार्रवाई को छोड़ दिया गया। यह मामला खासा चर्चाओं में बना हुआ है।

महिला सिपाही भी कर रही बीच बचाव
इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हो रहे वीडियो में महिला पुलिस कर्मी भी बीच-बचाव करती दिख रही है। इतनी बड़ी घटना होने की जानकारी किसी उच्चाधिकारी तक नहीं पहुंची। नागरिक ने सीधे पुलिस के इकबाल को चुनौती दी।