Uttarakhand New 5 Sep 2026: देहरादून के चंदर रोड स्थित एमडीडीए कालोनी में 72 वर्षीय रेखा बंसल की हत्या का राज पुलिस ने 12 घंटे में खोल दिया। हत्यारा कोई बाहरी नहीं, बल्कि परिवार का परिचित और लंबे समय से रेखा बंसल के पति दिनेश बंसल की दुकान पर काम करने वाला विनीत कुमार निकला।
2500 रुपये को लेकर विवाद के बाद उसने बुजुर्ग महिला की हत्या की और वारदात को लूट का रूप देने के लिए उनके हाथ से सोने का कड़ा उतारकर ले गया। इसके बाद पहचान छिपाने के लिए कपड़े बदले व कड़ा एक ज्वेलर को 65 हजार रुपये में बेच दिया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर कड़ा बरामद कर लिया है।
65 हजार रुपये में बेच दिया कड़ा
एमडीडीए में बुजुर्ग महिला की हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित विनीत ने घर जाकर अपने कपड़े बदले, ताकि उसकी पहचान न हो सके। इसके बाद लूटा गया सोने का कड़ा 65 हजार रुपये में ज्वेलर को बेच दिया। पुलिस ने ज्वेलर से कड़ा बरामद कर लिया है। ज्वेलर की भूमिका की भी जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि विनीत ने पूर्व में दिनेश बंसल के घर से एक सोने का कड़ा चोरी किया था। पुलिस अब उस घटना के संबंध में भी आरोपित से पूछताछ करेगी। उसका आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। विस्तृत पूछताछ के लिए पुलिस उसका रिमांड लेने की तैयारी कर रही है।
आरोपित ने बताया कि उसने रेखा बंसल से रुपये मांगे तो उन्होंने मना कर दिया, जिससे दोनाें के बीच विवाद हो गया। आरोपित ने बुजुर्ग महिला के मुंह पर कड़े से वार किया, जिससे उनके गाल व नाक पर चोट लग गई। वह बिस्तर पर गिर गई और चिल्लाने लगी। पकड़े जाने के डर से आरोपित ने हाथ से उनका मुंह व नाक दबा दिया, जिसके कारण उनकी मृत्यु हो गई। इसके बाद आरोपित उनके बाएं हाथ पर पहना सोने का कड़ा और फोन लेकर फरार हो गया।
स्कूटी से खुली कड़ी, रिंग रोड से दबोचा
पुलिस ने विनीत की तलाश शुरू की और उसे रिंग रोड के पास से पकड़ लिया। पूछताछ में पहले पुलिस ने उससे स्कूटी के संबंध में जानकारी ली। सख्ती से पूछताछ करने पर वह टूट गया और हत्या की बात स्वीकार कर ली। पुलिस के अनुसार आरोपित ने रक्षाबंधन के दौरान एडवांस रुपये मांगे थे और रुपये न मिलने पर विवाद किया था। हालांकि, बाद में मामला शांत हो गया और वह दुकान पर काम करता रहा।शुक्रवार को आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
आरोपित ने पूर्व में भी किया था कड़ा चोरी
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आ रही है कि आरोपित विनीत कुमार ने दिनेश बंसल के घर से एक सोने का कड़ा चोरी किया था। पुलिस अब उस कड़े के बारे में भी पूछताछ करेगी। विस्तृत पूछताछ के लिए पुलिस आरोपित का पुलिस रिमांड भी ले सकती है। शुक्रवार को आरोपित को कोर्ट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया है।
फुटेज चेक करने के बाद आरोपित तक पहुंची पुलिस
हत्या की घटना को डेढ़ से दो बजे के बीच अंजाम दिया गया था। चार बजे पुलिस को हत्या की सूचना मिली थी। ऐसे में पुलिस ने 12:30 से चार बजे के बीच कैमरे की फुटेज खंगाली। कई फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को दिनेश बंसल की स्कूटी घटनास्थल पर दिखी, जिसे देखक पुलिस को शक हुआ।
स्कूटी के बारे में पूछने पर पता चला कि आरोपित दिनेश बंसल से स्कूटी मांगकर ले गया था। ऐसे में पुलिस की जांच की सुई आरोपित विनीत कुमार पर टिकी। पुलिस ने उसकी तलाश कर हिरासत में लिया और सख्ती से पूछताछ की तो आरोपित ने हत्या की बात कबूली।










