Uttarakhand News 26 Feb 2026: गरुड़। ससुर की प्राथमिकी पर कोतवाली पुलिस ने बहु के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर दिया है। विदित रहे कि कोतवाली क्षेत्र बैजनाथ के जैसर गांव निवासी 21 दिन की मासूम भूमि की गत दिनों अचानक तबियत बिगड़ गई थी। तब स्वजन उसे सीएचसी बैजनाथ लाए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।

कोतवाल कैलाश सिंह बिष्ट ने बताया कि ससुर केशर सिंह कोरंगा ने मासूम की मौत के लिए अपनी ही बहु को जिम्मेदार ठहराते हुए तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर बहु दीपा देवी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 103 ( 1) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि मामले में शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।

21 दिन की बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में एक 21 दिन की बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। जैसर गांव निवासी 21 दिन की मासूम भूमि पुत्री अंकित सिंह की देर रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। स्वजन उसे सीएचसी बैजनाथ लाए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही कोतवाल कैलाश सिंह बिष्ट दलबल के साथ अस्पताल पहुंचे तथा बच्ची का शव कब्जे में लिया। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा।

स्थानीय लोगों के अनुसार मृतका मासूम के पिता घटना के समय घर पर नहीं थे। उसके माता-पिता की लव मैरीज है। कुछ दिनों से परिवार में अनबन भी चल रही थी। मृतका की मां ने डायल 112 पर भी परिवारिक कलह के बारे में पुलिस को सूचना दी थी।