Uttarakhand News 15 Jan 2026: आईजी कार्यालय के 50 मीटर पीछे की तरफ दिनदहाड़े एक बुजुर्ग महिला के घर से चोर ने गहनों से भरा बक्सा पार कर दिया। चोर की यह घटना सीसीटीवी में भी कैद हुई है। जिसमें वह भारी भरकम बक्शा उठाते हुए लेकर जा रहा है।

बद्रीपुरा वार्ड 11 निवासी दया नेगी घर में अकेली रहती है। गुरुवार को दिन में 12:30 बजे एक अज्ञात व्यक्ति बुजुर्ग दया नेगी के घर कमरा देखने आया। उसने महिला से कहा कि वह अल्मोड़ा का रहने वाला है और उसकी बहन कुसुमखेड़ा में ही रहती है। बुजुर्ग महिला ने अज्ञात व्यक्ति को घर के प्रथम तल का हिस्सा दिखाया था। जबकि वह ऊपर वाले फ्लोर में खुद रहती हैं। इतने में अज्ञात व्यक्ति ने उनसे कहा कि वह अपनी बीवी बच्चों व घर का सामान लेकर आ रहा है।

जैसे ही महिला पड़ोसियों से बात करने के लिए निकलीं चोर दो मंजिलें मकान में घुस गया। और साड़ी, मंगल सूत्र, पायल, नकदी और घर के कागजात से भरा बक्शा लेकर फरार हो गया। चोरी की घटना पता चलते ही महिला ने हंगामा कर दिया।

वार्ड -11 के पार्षद रवि जोशी ने चोरी की घटना की सूचना एसएसपी मंजुनाथ टीसी को फोन करके बताइए। जिस पर घटनास्थल पर मौके में कोतवाल विजय मेहता, एसएस आइ रोहतास सागर पहुंचे और मौका मुआयना किया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगालें हैं जिसमें चोर फुटेज में दिख रहा है।