Uttarakhand News 28 Feb 2026: लालकुआं काठगोदाम राष्ट्रीय राजमार्ग एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर झेल गया। बेरीपड़ाव स्थित अष्टादश भुजा महालक्ष्मी मंदिर के समीप शनिवार सुबह डंपर की चपेट में आने से स्कूटी सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि साथ बैठी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हिम्मतपुर चौमवाल निवासी 30 वर्षीय कार्तिक कांडपाल पुत्र कृष्ण नन्द कांडपाल शनिवार प्रातः करीब 10 बजे स्कूटी से हल्दूचौड़ की ओर जा रहे थे।
रास्ते में गांव की 25 वर्षीय युवती नेहा कांडपाल पुत्री पुष्कर कांडपाल उनसे लिफ्ट लेकर साथ बैठ गई। नेहा अशोक लीलैंड कंपनी में जॉब करती है।
बताया जा रहा है कि जैसे ही दोनों गांव की सड़क से राष्ट्रीय राजमार्ग पर चढ़े और आगे चल रहे डंपर (संख्या यूके 01-सीए 3035) को ओवरटेक करने का प्रयास किया, तभी स्कूटी अनियंत्रित हो गई और डंपर के नीचे जा घुसी।
हादसे में कार्तिक का सिर डंपर के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं नेहा के सिर पर गंभीर चोट आई है।
सूचना पर हल्दूचौड़ चौकी इंचार्ज शंकर नयाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायल युवती को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया, जबकि मृतक के शव को 108 एंबुलेंस के माध्यम से पोस्टमार्टम हेतु मोर्चरी भेज दिया गया।
कार्तिक कांडपाल अपने परिवार का इकलौता सहारा था और उसके एक पुत्र और पुत्री हैं। अचानक हुई इस दर्दनाक घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।










