Uttarakhand News 10 Feb 2026: (उत्तरकाशी)। गंगोत्री हाईवे पर मल्ला के पास बीआरओ का डंपर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा, हादसे में चालक समेत दो लोग गंभीर घायल हो गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस व एसडीआरएफ की टीम ने घायलों को रेस्क्यू कर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा।

जानकारी के अनुसार मंगलवार को अपराह्न सवा तीन बजे बीआरओ का डंपर वाहन मल्ला में बैक हो रहा था। इस दौरान पीछे जमीन धंसने से वाहन करीब 30 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।

हादसे में चालक सतेंद्र असवाल (27) पुत्र पवन असवाल निवासी हीना व मेट जय राम(39) पुत्र गोवर्धन निवासी सेकू गंभीर रुप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में पहुंचाया गया।

अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा.पीएस पोखरियाल ने बताया कि हादसे में दोनों घायलों के सिर पर गंभीर चोट के साथ आंतरिक रक्तस्राव हुआ है।घायल जयराम को हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है।

वहीं, पवन की जिंदगी बचाने के लिए डाक्टरों की टीम प्रयास कर रही है।