Uttarakhand News 27 Feb 2026: यमुनोत्री हाईवे पर रिखाऊंखड्ड से डामटा की ओर आ रही एक कार बदाणी के पास अनियंत्रित होकर 300 मीटर गहरी खाई में गिर गई, हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हाे गई।
सूचना पर पहुंची डामटा चौकी पुलिस, बड़कोट से पहुंची एसडीआरएफ व नौगांव से पहुंची फायर की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से मृतकों के शवों को खाई से निकाला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को काले रंग की टाटा नेक्सन कार रिखाऊंखड्ड से डामटा की ओर आ रही थी।
जो कि रिखाऊंखड्ड से करीब 4 किमी आगे डामटा की ओर बदाणी नामक स्थान पर अनियंत्रित होकर 300 मीटर गहरी खाई में सीधे नीचे यमुना नदी किनारे जा गिरी।
हादसे में कार चालक तुषार खत्री(25) पुत्र दिनेश सिंह व अजय सिंह (26) पुत्र श्री मिजान सिंह दोनों निवासी ढुईंक पोस्ट रिखाऊं थाना पुरोला उत्तरकाशी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना स्थानीय मनोज कुमार ने फोन के माध्यम से पुलिस को दी, जिस पर डामटा चौकी से पुलिस टीम, बड़कोट से एसडीआरएफ व नौगांव से फायर सर्विस की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
शवों का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डामटा में पंचनामा भरा गया। हादसे में जवान युवकों की मौत से ढुईंक गांव में शोक की लहर है। हादसे में मृतक तुषार खत्री भारतीय सेना का जवान था। जो कि वर्तमान में छुट्टी पर घर आया हुआ था।
क्रैश बैरियर होता तो बच सकती थी जान
यमुनोत्री हाईवे दियाड़ीखड्ड से मुराड़ीखड्ड तक करीब 34 किमी के पैच पर वर्तमान समय में हाईवे चौड़ीकरण कार्य चल रहा है, जहां पर हादसा हुआ, वहां पर क्रैश बैरियर नहीं था।
बताया जा रहा है कि यहां पहले क्रैश बैरियर लगे थे, लेकिन यह टूट गए। इस कारण अनियंत्रित होकर कार सीधे खाई में जा गिरी।










