Uttarakhand News 8 June 2026: कैंची धाम में लगने वाले जाम से परेशान कुमाऊ के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। भवाली के समीप दूनीखाल-रातीघाट सीसी मार्ग निर्माण को शासन से हरी झंडी दे दी है। शासन ने लोनिवि की ओर से भेजे गए प्रस्ताव को वित्तीय स्वीकृति देते हुए 4.81 करोड़ का बजट जारी कर दिया है।
जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर लोनिवि मार्ग निर्माण का कार्य शुरू कर देगा। सीसी मार्ग का निर्माण होने के बाद इसे पहाड़ की ओर सफर करने वाले यात्री वैकल्पिक तौर पर प्रयोग कर सकेंगे।
श्रद्धालुओं की संख्या में हुई है बेतहाशा वृद्धि
बता दे कि बीते कुछ वर्षों में कैंची धाम की प्रसिद्धि में विस्तार से श्रद्धालुओं की आमद में बेतहाशा वृद्धि हुई है। जिससे क्षेत्र में जाम चुनौती बनकर सामने आया है। हालांकि सेनेटोरियम रातीघाट बाइपास निर्माण के बाद जाम की परेशानी कई हद तक कम हो जाएगी। निर्माणाधीन बाइपास अगले वर्ष तक ही पूरा हो सकेगा। शासन ने बाईपास के समीप से ही जुड़े पुराने मार्ग के पुर्ननिर्माण के प्रोजेक्ट को स्वीकृति देकर बड़ी राहत दी है।
रातीघाट से दूनीखाल तक 5.50 किमी लंबा मार्ग पहले से ही बना है
लोनिवि अधिशासी अभियंता रत्नेश कुमार सक्सेना ने बताया कि रातीघाट से दूनीखाल तक 5.50 किमी लंबा मार्ग पहले से ही बना हुआ है। जिसको रातीघाट व आसपास के ग्रामीण छोटे वाहनों के संचालन के लिए भी काम में लाते है। लेकिन मार्ग में कई मोड़ संकरे होने व गड्डे होने के कारण दुर्घटना की संभावना बनी हुई थी।
ग्रामीणों की मांग के बाद इस मार्ग को बेहतर सीसी मार्ग में पुर्ननिर्माण के लिए मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल किया गया था। बताया कि मार्ग के पुर्ननिर्माण को भेजे गए 4.81 करोड़ के प्रोजेक्ट को शासन से प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर मार्ग का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा।
बाईपास के बंद होने पर वैकल्पिक तौर पर हो सकेगा प्रयोग
रत्नेश सक्सेना ने बताया कि प्रोजेक्ट के तहत पुराने मार्ग में ही सीसी व सुरक्षा के लिए किनारे पर रेलिंग लगाने का प्रस्ताव है। जिसका निर्माण होने के बाद इसे छोटे वाहनों के लिए आसानी से प्रयोग में लाया जा सकेगा। पास में ही निर्माणाधीन बाइपास कभी भूस्खलन अथवा अन्य समस्याओं से बंद रहा तो छोटे वाहनों के लिए इसे वैकल्पिक मार्ग के रूप में प्रयोग किया जा सकेगा।










