Uttarakhand News 19 July 2025: ऋषिकेश। हरियाणा से साथियों के साथ कांवड़ लेने आए पंद्रह वर्षीय कांवड़ यात्री का शव ऋषिकेश में पोस्ट आफिस पार्किंग के पीछे खाली मैदान में पड़ा मिला। कांवड़ यात्री का शरीर नीला पड़ा था। पुलिस सर्प दंश से मौत की आशंका जता रही है।

ऋषिकेश कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राणा ने बताया कि 15 वर्षीय अर्जुन सिंह पुत्र राजवीर सिंह निवासी ग्राम निर्जन, थाना जींद सदर, जिला जींद, हरिया 18 जुलाई को अपने गांव से पंद्रह लोगों के साथ डाक कांवड़ लेने आए थे। शनिवार को सभी कांवड़ यात्री ऋषिकेश स्थित पोस्ट आफिस पार्किंग पर पहुंचे।

वहां पहुंचने के बाद शौच के लिए पार्किंग के पास स्थित एक खाली मैदान की ओर चले गए। अर्जुन सिंह भी शौच के लिए मैदान में गया था। लेकिन काफी समय बाद भी जब वह वापस नहीं लौटा तो उसके साथियों ने उसकी तलाश शुरू की।

तलाश करने पर अर्जुन सिंह खाली मैदान में मुंह के बल पड़ा मिला, सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। बताया कि शरीर पर नीले निशान है। संभवत किसी जहरीले जीव के काटने के कारण मौत हुई है। स्वजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।