Uttarakhand News 03 Feb 2026: पिछले कुछ दिनों से मौसम की मेहरबानी बनी हुई है। जिससे अब चोटियां हिमाच्छादित हो गई हैं। बदरीनाथ धाम में भी कई बार बर्फबारी हो चुकी है, धाम में इस समय करीब तीन फीट तक बर्फ जम चुकी है। रविवार से क्षेत्र में मौसम बदला हुआ है। इससे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रुक-रुककर बर्फबारी हो रही है।
देर रात को बदरीनाथ धाम में बर्फबारी होने से धाम का नजारा मनमोहक बना हुआ है। चारों तरफ की पहाड़ियां भी बर्फ की सफेद चादर ओढे हुए है। बदरीनाथ मंदिर परिसर में भी बर्फ की मोटी परत जमीं हुई है। वहीं गंगोत्री धाम में भी बर्फबारी हुई।

भारी बर्फबारी के बाद जब बीते दिन सोमवार को सूरज निकला तो केदारनाथ धाम चांदी सा चमकने लगा। पांच फुट ऊंची बर्फ गिरने के कारण धाम का नजारा बेहद मनमोहक लग रहा है। वहीं जनपद में सोमवार सुबह हल्की बारिश के बाद, दिन भर हल्की धूप के साथ बादल छाए रहे।
उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में मंगलवार को हल्की बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना है।

वहीं, देहरादून समेत पौड़ी और नैनीताल में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले में हल्की बारिश व बर्फबारी हो सकती है।










