Uttarakhand News 25 Feb 2026: ऊर्जा निगम ने पिछले तीन वर्षों से उपभोक्ता नरेश वर्मा को बिजली का बिल नहीं भेजा। सोमवार को ऊर्जा निगम की टीम बिजली कनेक्शन काटने के लिए पहुंची तो तब पता चला कि उपभोक्ता के पास तीन वर्ष से बिल ही नहीं भेजा।

जब ऊर्जा निगम ने कनेक्शन काटने की तैयारी की तो स्थानीय लोगों ने ऊर्जा निगम के कर्मचारियों के प्रति रोष व्यक्त किया। उपभोक्ता ने ऊर्जा निगम से बिजली बिल जमा करने के लिए दो दिन का समय मांगा।

जानकारी के अनुसार, नरेश वर्मा ने लगभग तीन वर्ष पूर्व अपने आवास पर सोलर ऊर्जा का प्लांट स्थापित किया था। इसके बाद से नियमित रूप से बिल न आने की समस्या शुरू हो गई। उपभोक्ता नरेश वर्मा का कहना है कि उसने कई बार ऊर्जा निगम के कार्यालय में जाकर मौखिक व लिखित रूप से निवेदन किया कि उसका बिजली बिल भेजा जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की बकाया स्थिति उत्पन्न न हो।

बावजूद इसके ऊर्जा निगम की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। मामला तब सामने आया जब ऊर्जा निगम की टीम बकाया बिल का हवाला देते हुए कनेक्शन काटने पहुंच गई। ऊर्जा निगम की कार्रवाई पर उपभोक्ता ने नाराजगी व्यक्त की।