Uttarakhand News 06 Mar 2026: देहरादून। उत्तराखंड के चौबट्टिया स्थित फॉरेन ट्रेनिंग नोड में भारत और जापान के बीच सातवां संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘धर्म गार्डियन’ चल रहा है।
यह अभ्यास 24 फरवरी को शुरू हुआ था और 09 मार्च तक चलेगा। इसका उद्देश्य साझा सुरक्षा चुनौतियों और वैश्विक आतंकवाद के बदलते खतरे के मद्देनजर भारतीय सेना और जापान ग्राउंड सेल्फ-डिफेंस फोर्स के बीच सैन्य सहयोग को और मजबूत करना है।
इस अभ्यास में प्रत्येक देश के 120 सैनिक भाग ले रहे हैं। जापान की ओर से 32वीं इन्फैंट्री रेजिमेंट, और भारतीय सेना की ओर से लद्दाख स्काउट्स की टुकड़ी शामिल है।
अभ्यास के पहले दिन एकीकरण और मार्गदर्शन गतिविधियों के साथ शुरुआत की गई। इसके बाद से अर्द्ध-शहरी परिस्थितियों में संयुक्त अभियानों की क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
प्रशिक्षण में उच्च स्तर की शारीरिक फिटनेस, संयुक्त योजना, पारस्परिक समन्वय (इंटरआपरेबिलिटी) और वास्तविक फील्ड परिस्थितियों में समन्वित सामरिक अभ्यासों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्य गतिविधियों में अस्थायी ऑपरेटिंग बेस की स्थापना, इंटेलिजेंस-सर्विलांस-रिकानिसेंस (आइएसआर) ग्रिड का निर्माण, मोबाइल वाहन चेक पोस्ट की स्थापना, शत्रुतापूर्ण वातावरण में घेराबंदी और तलाशी अभियान (कार्डन एंड सर्च आपरेशन ), हेलिबोर्न आपरेशन और हाउस इंटरवेंशन ड्रिल शामिल हैं।
अभ्यास का समापन एक वैलिडेशन एक्सरसाइज के साथ होगा, जिसमें संयुक्त प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त मानकों का मूल्यांकन एक समेकित फील्ड परिदृश्य के माध्यम से किया जाएगा। यह अभ्यास दोनों सेनाओं के सैनिकों के बीच आपसी मित्रता और सौहार्द को बढ़ावा दे रहा है और भारत-जापान रक्षा साझेदारी को और मजबूत कर रहा है।










