Uttarakhand News 27 Oct 2026: बागेश्वर जिले में सोमवार को अलग-अलग मामलों ने पुलिस और प्रशासन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जिले में एक विवाहिता के घर से नाराज होकर जाने, एक सरकारी क्लर्क की स्कूटी गोमती नदी के पास मिलने और एक अन्य युवक ने किराए के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या करने की घटनाएं सामने आई हैं। पुलिस सभी मामलों में अपनी जांच और तलाश में जुट गई है। इधर, गोमती नदी के पास स्कूटी मिलने के बाद लापता क्लर्क का शव भी बरामद कर लिया गया है।

मजियाखेत से महिला लापता, फोन घर ही छोड़ गई

मजियाखेत तहसील रोड निवासी सविता पत्नी दीपक कुमार (23) बीते सोमवार की शाम घर पर किसी बात से नाराज होकर और झगड़ा करके कहीं चली गईं। परिजनों के अनुसार, वह अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गई हैं। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस और परिजन आसपास के क्षेत्रों में उनकी लगातार तलाश कर रहे हैं

गोमती नदी के पास मिली क्लर्क की स्कूटी, शव बरामद

अल्मोड़ा जिले के रानीखेत अंतर्गत ग्राम एराड़ पंतकोटली निवासी मोहित मेहरा पुत्र मोहन सिंह मेहरा बागेश्वर जिला चिकित्सालय में मृतक आश्रित कोटे से क्लर्क के पद पर कार्यरत थे और वर्तमान में अड़ौली में किराए के कमरे में रहते थे। बीती देर शाम से वह अचानक गायब बताए जा रहे थे। उनकी स्कूटी द्यांगण-नदीगांव बाईपास के पास गोमती नदी के किनारे लावारिस हालत में बरामद हुई थी। अनहोनी की आशंका के चलते परिजनों और पुलिस की ओर से उनकी सघन तलाश की जा रही थी। अब उनका शव बरामद कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

नुमाइशखेत में किराए के कमरे में युवक ने लगाया फंदा

मूल रूप से पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले 27 वर्षीय मुकेश राठौर पुत्र आनंद राठौर ने नुमाइशखेत के दुग बाजार स्थित अपने किराए के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। मृतक बागेश्वर में सरयू पुल के पास मसाले की दुकान चलाता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। मंगलवार को पुलिस पोस्टमार्टम की कार्रवाई करेगी।