Uttarakhand News 16 Mar 2026: पिथौरागढ़। जौलजीबी-मुनस्यारी मार्ग पर रविवार को हुए सड़क हादसे ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है।

पिथौरागढ़ से मुनस्यारी घूमने जा रहे चार दोस्तों की कार मदकोट के समीप उमरगड़ा में बदहाल सड़क से अनियंत्रित होकर करीब 15 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे में पंजाब के फिरोजपुर में आर्मी मेडिकल कोर में तैनात जवान लक्ष्मण नेगी समेत तीन युवकों की मौत हो गई और एक घायल का उपचार चल रहा है।

रविवार को पिथौरागढ़ से चार दोस्त इनोवा कार में सवार होकर पिथौरागढ़ से मुनस्यारी की ओर जा रहे थे।

दोपहर बाद बंगापानी के निकट उमरगड़ा में एन बैंड के पास क्षतिग्रस्त सड़क पर चालक नियंत्रण खो बैठा और कार खाई से लुढ़कते हुए चट्टान पर जा गिरी। दुर्घटना की सूचना पर मदकोट पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया।

इसमें 30 वर्षीय अंकित पांडे निवासी दौला पिथौरागढ़ और सेना (आर्मी मेडिकल कोर) के जवान 30 वर्षीय लक्ष्मण सिंह उर्फ लच्छू नेगी निवासी धूरातोली मुनस्यारी हाल निवासी जीआइसी पिथौरागढ़ की मौके पर ही मौत हो गई थी।

गंभीर रूप से घायल कार चला रहे 26 वर्षीय आयुष पंत निवासी टकाना ने अस्पताल लाते समय अस्कोट के पास दम तोड़ दिया। हादसे में घायल देवेंद्र भट्ट निवासी उत्सव गृह टकाना पिथौरागढ़ का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

लक्ष्मण नेगी का शनिवार को जन्मदिन था। इसी खुशी में चारों दोस्तों ने मुनस्यारी घूमने का प्लान बनाया था।