Uttarakhand News 25 Mar 2026: धौलादेवी ब्लाक के बाराकुना क्षेत्र में नवजात का शव मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डाक्टरों के अनुसार नवजात (बालक) पांच से सात दिन का है।

धौलादेवी ब्लाक के रैड़ासैम बाराकुना क्षेत्र में खेती मोटर मार्ग से करीब 50 मीटर दूरी जंगल की ओर से ग्रामीणों ने एक शव देखा। ग्रामीणों ने बताया कि नजदीक पहुंचने के बाद अंदाजा लगा की शव किसी नवजात का है। जिसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना तुंरत पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की है।

वहीं शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीण क्षेत्र में जंगल में नवजात का शव मिलने से अब लोग कई तरह के कयास लगा रहे हैं। बताया जा रहा है कि नवजात के नाभी में एक क्लिप लगी हुई मिली है, इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि नवजात का जन्म किसी अस्पताल में हुआ होगा। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है। धौलादेवी ब्लाक प्रभारी चंद्रशेखर बोरा ने बताया कि अनुमान तहत मृतक नवजात का जन्म पांच से सात दिन पूर्व हुआ होगा।