Uttarakhand News 27 Mar 2026: रुद्रपुर। नैनीताल हाईवे पर बाइक डिवाइडर से टकरा गई। इससे डिवाइडर पर लगे लोहे के एंगल किशोर की गर्दन में घुस गया और उसकी तड़प तड़पकर मौत हो गई। जबकि बाइक में सवार दूसरा युवक घायल हो गया। इसका पता चलते ही स्वजन में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
ट्रांजिट कैंप शिव नगर वार्ड सात निवासी 16 वर्षीय सचिन राठौर पुत्र रामानंद राठौर बुधवार रात अपने दोस्त के साथ बाइक से घर जा रहा था। इसी बीच इंदिरा चौक और डीडी चौक के बीच सब्जी मंडी के पास अचानक उनकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई। जिससे डिवाइडर पर लगे लोहे का नुकीला एंगल सचिन राठौर की गर्दन पर घुस गई और वह वहीं गिर गया। जबकि बाइक सवार साथी भी गिरकर घायल हो गया।
देखते ही देखते सचिन खून से लथपथ हो गया। यह देख वहां से गुजरने वाले लोग एकत्र हुए और दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टर ने सचिन राठौर को मृत घोषित कर दिया। इसका पता चलते ही मृतक सचिन के स्वजन जिला अस्पताल पहुंचे और उसकी लाश देखकर कोहराम मच गया। बाद में पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
इधर, पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे स्वजन और स्थानीय लोगों का आरोप था कि हाईवे पर लंबे समय से सड़क निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। डिवाइडर भी जगह-जगह क्षतिग्रस्त है। लोहे के एंगल भी बाहर निकले है, जो हादसों को दावत दे रहे है। समाज सेवी संजय ठुकराल ने बताया कि कई समय से सड़क निर्माण कार्य पूरा कर डिवाइडर को ठीक कर दिया जाता तो एक परिवार का चिराग बुझने से बच जाता।










