Uttarakhand News 21 April 2026: बागेश्वर जिले में भूकंप के झटकों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार शाम एक बार फिर रिक्टर स्केल पर 2.5 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र कपकोट तहसील के सूपी के समीपवर्ती क्षेत्र में जमीन के भीतर पांच किलोमीटर की गहराई पर था। लगातार आ रहे इन झटकों से सीमांत क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है।
सोमवार शाम 6:26 बजे अचानक धरती हिलने से लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। इससे पहले बीते रविवार को भी जिले में तीन बार भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए थे। 24 घंटे के भीतर चौथी बार आए इस झटके ने प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को भी अलर्ट मोड पर ला दिया है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि जिले के किसी भी हिस्से से जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। सभी तहसीलों से रिपोर्ट ली जा रही है और आपदा प्रबंधन टीम पूरी तरह सतर्क है।










