Uttarakhand News 25 April 2026: लोहाघाट के गुमदेश क्षेत्र के विद्यालय में अध्ययनरत 10वीं के छात्र ने कम अंक आने के चलते फांसी लगाकर जान देने कोशिश की।

स्वजन ने तत्काल उसे फंदे से नीचे उतार उप जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। छात्र की हालत नाजुक बताई जा रही है।

शनिवार को उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा का परिणाम घोषित हुआ। इस दौरान क्षेत्र के 10वीं के एक 16 वर्षीय छात्र के 73 प्रतिशत अंक आए। बोर्ड परीक्षा में कम नंबर आने से निराश होकर छात्र ने घर के भीतर फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की।

इस दौरान पड़ोस में रहने वाली एक बच्ची उसके कमरे आई और यह नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। उसने इसकी जानकारी स्वजन को दी।

इसके बाद स्वजन और ग्रामीणों ने छात्र को फंदे से उतारकर तत्काल लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया। ग्रामीणों ने बताया नाबालिग तीन भाई बहन में सबसे छोटा है।

चिकित्सा अधीक्षक डा. विराज राठी के नेतृत्व में डा. हिमांशु सरन ने प्राथमिक उपचार किया। डा. विराज राठी ने बताया कि छात्र की हालत काफी गंभीर है। उप जिला चिकित्सालय में ईएनटी सर्जन नहीं होने के कारण उसे चंपावत जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है।

छात्र की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है। स्वजन ने बताया कि आज छात्र का हाईस्कूल का रिजल्ट आया था, जिसमें उसने 73 फीसदी अंक प्राप्त किए थे।