Uttarakhand News 13 Nov 2026: हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र के रामपुर रोड स्थित एक निजी अस्पताल में बृहस्पतिवार देर रात करीब एक बजे जमकर हंगामा हुआ। हंगामा करने वाले लोग अस्पताल में भर्ती एक गर्भवती महिला के परिजन थे। महिला कुछ दिनों से अस्पताल में भर्ती थी।

परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों ने बिना जांच के महिला का प्रसव के लिए ऑपरेशन कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हंगामे की सूचना पर कोतवाली पुलिस तुरंत अस्पताल पहुंची और परिजनों से बातचीत के बाद उन्हें शांत कराया। इसके बाद परिजन महिला के शव को लेकर शुक्रवार तड़के अपने घर चले गए।

एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि इलाज के दौरान मौत की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से भी इंकार कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।