Uttarakhand News 29 April 2026: नैनीताल जिले के बेतालघाट ब्लॉक के लोहाली गांव में सोमवार की देर रात एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली। युवक की मौत के बाद से परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े करते हुए युवक को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस के उच्च अधिकारियों ने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए मृतक का पोस्टमार्टम वीडियोग्राफी और पैनल के तहत कराया है। घटना के बाद से सोशल मीडिया में भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े उठ रहे हैं। जानकारी के अनुसार लोहाली निवासी बालम सिंह (40) पुत्र कुंदन सिंह को सोमवार की शाम एक वीडियो बनाते समय पुलिस कर्मियों की ओर से खैरना चौकी लाया गया था। चौकी में पुलिस कर्मियों ने बालम का गरमपानी सीएचसी में मेडिकल कराया तो बालम के शराब पीने की पुष्टि होने पर उसका पुलिस एक्ट पर चालान किया गया।

चालान काटने के बाद पुलिस ने बालम को उसके परिजनों को सौंप दिया। देर रात युवक ने अपने जीजा और बहन मुन्नी देवी को फोर पर वार्ता कर उसने पुलिस के प्रताड़ित करने का आरोप लगाया और सदमे में होने की शिकायत कहीं थी। साथ ही युवक ने देर रात घर में आत्महत्या कर ली। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे गरमपानी सीएचसी में लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद पुलिस के अधिकारी खैरना चौकी पहुंचे। साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया ताकि साक्ष्यों का बारीकी से परीक्षण किया जा सके और घटना की वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस की ओर शव पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेजा गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम वीडियोग्राफी और एक पैनल के तहत कराया है ताकि पुलिस की कार्यप्रणाली पर कोई सवाल खड़े न हो सके। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक बेटी और एक बेटे को रोता हुआ छोड़ गया है।

पुलिस पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद : एसपी
युवक की मौत पर पुलिस पर उठ रहे सवाल पर एसपी डॉ जगदीश चंद्रा ने सफाई देते हुए कहा कि पुलिस पर लगे आरोप बेबुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि सोमवार को युवक के शराब पीकर वीडियो बनाने पर पुलिस कर्मियों ने उसका मेडिकल कराया था। मेडिकल में शराब की पुष्टि होने के बाद पुलिस एक्ट में उसका चालान कर उसके परिजनों को सौंप दिया गया था। देर रात उसके आत्महत्या करने की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। युवक के शव का पोस्टमार्टम वीडियोग्राफी और पैनल के तहत कराया गया है ताकि पीएम रिपोर्ट में मौत के कारणों का सही पता चल सके। पुलिस की ओर से युवक के साथ कोई मारपीट नहीं की गई है। सोशल मीडिया पर गलत खबर चलाई जा रही है। परिजनों को अगर लगता है तो गलत हुआ है तो वह तहरीर सौंप सकते हैं पुलिस की ओर से निष्पक्ष जांच की जाएगी।