Uttarakhand News 29 April 2026: देहरादून। प्रदेश में चारधाम यात्रा सुचारु रूप से चल रही है। चारधाम यात्रा के लिए खासा उत्साह देखा जा रहा है। अब तक चारों धाम में चार लाख से ज्यादा भक्त दर्शन के लिए पहुंच चुके हैं।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार चारधाम यात्रा शुरू होने से 28 अप्रैल की शाम सात बजे कुल 04 लाख 08 हजार 401 श्रद्धालु चारधाम में दर्शन हेतु पहुंचे हैं।

चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों, श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए चारधाम यात्रा मार्गों सहित प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, पार्किंग एवं यातायात व्यवस्थाओं को सुदृढ़ एवं व्यवस्थित किया गया है।

राज्य सरकार ने यात्रा व्यवस्थाओं के संबंध में भ्रामक जानकारी प्रसारित करने वालों तथा गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, ताकि यात्रा की पवित्रता एवं व्यवस्थाएं बनी रहें।

मुख्य बिंदु
बदरीनाथ धाम में 84,942 श्रद्धालु पहुंचे।
केदारनाथ धाम में 2,07,452 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
यमुनोत्री धाम में 57,794 श्रद्धालु पहुंचे।
गंगोत्री धाम में 57,863 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
इसके अतिरिक्त गौमुख में अब तक 440 यात्री पहुंचे हैं।
वर्तमान यात्रा सीजन में अब तक कुल 64,115 वाहन यात्रियों को लेकर चारधाम पहुंचे हैं।