Uttarakhand News 30 April 2026: पिथौरागढ़। जिले के कनालीछीना विकासखंड में एक पति ने पत्नी के सिर पर कुल्हाड़ी मार कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपित ने निकट की पुलिस चौकी में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

विकासखंड कनालीछीना के नेपाल सीमा पर स्थित द्वालीसेरा गांव निवासी भुवन प्रसाद और उसकी 36 वर्षीय पत्नी गीता देवी में बुधवार रात्रि को किसी बात को लेकर विवाद हुआ।

इसी विवाद में भुवन प्रसाद ने घर में रखी कुल्हाड़ी से गीता देवी के सिर पर प्रहार कर दिया। अत्यधिक रक्तस्राव हो जाने से गीता देवी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद भुवन स्वयं ही पास की पुलिस चौकी पहुंच गया।

ग्रामीणों ने बताया कि भुवन प्रसाद ने शराब पी हुई थी। वह मजदूरी का काम करता है। पत्नी गीता देवी आशा कार्यकर्ती है। दंपती के दो बेटे और दो बेटियां हैं। इनमें एक बेटे और एक बेटी की शादी हो चुकी है। घटना के वक्त घर में भुवन प्रसाद की मां, बहू, बेटे, बेटी भी मौजूद रहे।

सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची अस्कोट पुलिस ने घर को सील कर दिया है। मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भिजवा दिया है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है।

पुलिस हत्या के कारणों की जांच में जुट गई है। इस मामले में गीता के पिता निवासी गोपाल राम ने पुलिस में तहरीर दी और पुलिस ने मुकदमा भी दर्ज कर लिया है।

ग्रामीणों ने बताया घटना शराब के नशे में हुई है, क्योंकि पति-पत्नी के बीच आज तक कभी विवाद सुनने को नहीं मिला। इस मामले में पुलिस क्षेत्रधिकारी गांव पहुंचे हैं।