Uttarakhand News 6 Nov 2026: हल्द्वानी। दीपावली के पांच दिवसीय उत्सव की शुरुआत आज यानी छह नवंबर को धनतेरस के साथ होगी। इस दिन खरीदारी के लिए सुबह से सूर्यास्त तक शुभ मुहूर्त रहेगा।

वहीं, शाम को मृत्यु के देवता यमराज के पूजन के साथ यम दीपदान किया जाएगा। धनतेरस पर धनवर्षा योग बन रहा है। पूरे दिन अमृत व हस्त नक्षत्र के साथ विष्कुम्भ योग और तैतिल व वणिज करण का संयोग रहेगा। इसे सुख-समृद्धि और धन-धान्य के लिए शुभ माना गया है। इस दिन प्रदोष व्रत भी रहेगा।

डा. जोशी के अनुसार, धनतेरस पर खरीदारी का सामान्य शुभ मुहूर्त सुबह 7:55 बजे से सूर्यास्त तक रहेगा। अभिजित मुहूर्त सुबह 11:40 से दोपहर 12:28 बजे तक रहेगा। सुबह 10:30 से दोपहर 12 बजे तक राहुकाल रहेगा। इस दौरान लोहा और लकड़ी के उपकरण खरीदना मध्यम फलदायी माना गया है।

धनतेरस पर प्रदोष काल में यमराज का पूजन और दक्षिण दिशा में दीपदान का भी महत्व है। यम दीपदान का समय शाम 5:20 से रात 8:30 बजे तक रहेगा। इस दौरान घर के बाहर दक्षिण दिशा में दीप जलाकर यमराज से परिवार की सुख-समृद्धि और आरोग्य की कामना की जाती है।

कल छोटी दीपावली, आठ को दीपोत्सव
सात नवंबर को छोटी दीपावली मनाई जाएगी। आठ नवंबर को मुख्य दीपावली पर महालक्ष्मी पूजन का प्रदोष और वृषभ काल मुहूर्त शाम 5:18 से 7:46 बजे तक रहेगा। इसके बाद 9 नवंबर को सोमवती अमावस्या, 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा और अन्नकूट तथा 11 नवंबर को भैया दूज और बग्वाली पर्व मनाया जाएगा।