Uttarakhand News 13 May 2026: रुद्रपुर । ऊधम सिंह नगर में लगातार आ रहे मतांतरण मामले में नए नए रहस्य से परदा उठ रहा है। जांच कर रही एसआइटी को जानकारी मिली है कि जिले में मतांतरण से जुड़े लोगों के बीते कुछ सालों में रहन सहन में काफी बदलाव आया है। जिसके आधार पर उनके विदेशी फंडिंग की आशंका जताते हुए जांच की जा रही है।

इसके लिए एसआइटी मतांतरण में नामजद और प्रकाश में आए लोगों के बैंक खातों और संपत्ति की जांच करेगी। साथ ही चेक किया जाएगा कि उनके तार और कहां कहां जुड़े हुए हैं।

पांच लोग नामजद
ऊधमसिंह नगर जिले में मतांतरण मामलों की जांच अब तेज हो गई है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने खटीमा में दो और नानकमत्ता में एक प्राथमिकी दर्ज की है। इन मामलों में दो पास्टर समेत पांच लोगों को नामजद किया गया है, जबकि कई अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

मामले में एसएसपी के निर्देश पर सात सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआइटी) का गठन किया गया है। एसआइटी ने जांच शुरू करते हुए संबंधित दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए हैं और आरोपितों व उनसे जुड़े लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है। जांच के दौरान एसआइटी को ऐसे इनपुट मिले हैं कि कुछ लोगों को विदेश से फंडिंग होती रही है।

पिछले कुछ वर्षों में उनके रहन-सहन और आर्थिक स्थिति में तेजी से बदलाव देखने को मिला है। इसी आधार पर एसआइटी अब उनकी गतिविधियों और संपर्कों की पड़ताल कर रही है।

एसआइटी संबंधित व्यक्तियों के बैंक खातों, लेन-देन और विदेश से आए संभावित फंड की जानकारी जुटाने में लगी हैं। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि कहीं इस नेटवर्क के तार जिले के अन्य क्षेत्रों से तो नहीं जुड़े हैं। एसआइटी अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नानकमत्ता और खटीमा में तीन प्राथमिकी पंजीकृत कर पांच लोगों को नामजद किया है। इसके अलावा गदरपुर में भी मतांतरण का मामला सामने आया है। इस पूरे प्रकरण की जांच एसआइटी को सौंपी गई है। अब तक हुई जांच में सामने आया है कि मतांतरण से जुड़े कुछ लोगों के रहन सहन में काफी बदलाव है। उनके विदेशी फंडिंग की आशंका जताई जा रही है। ऐसे लोगों के खातों की जांच की जा रही है।