Uttarakhand News 13 May 2026: हल्द्वानी में काठगोदाम थाना क्षेत्र के जवाहर ज्योति दमुवाढूंगा के निर्माणाधीन भवन में जीवन चंद्र गंगोला (52) संदिग्ध हालात में मृत मिला। उसके मुंह से झाग निकल रहा था। इसकी सूचना मिलने पर परिजन ने पुलिस को फोन कर हत्या की बात कह दी। जांच के बाद पुलिस ने जीवन चंद्र को नशे का आदी बताया। अब पुलिस को मौत का सही कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

काठगोदाम पुलिस को मंगलवार दोपहर में एक महिला ने सूचना दी कि उसके जेठ को किसी ने मार दिया है। उसका शव जवाहर ज्योति दमुवाढूंगा में एक निर्माणाधीन मकान के भीतर तख्त पर पड़ा है। सीओ अमित कुमार सैनी ने बताया कि तत्काल पुलिस टीम को रवाना किया गया। शव के पास उल्टी दिखी। मुंह और नाक पर उल्टी के बाद रेशे चिपके थे। आंख भी आधी खुली थी। मौके पर आए प्रकाश चंद्र निवासी मल्ला प्लाट दमुवाढूंगा ने उसकी पहचान अपने बड़े भाई जीवन चंद्र के रूप में की।

प्रकाश के अनुसार उसका भाई नशे का आदी था। वह निर्माणाधीन मकान में मजदूरों के साथ रह रहा था। संदिग्ध हालात में मौत की वजह से घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई। साक्ष्यों को संकलित करते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजनों के अनुसार वह रसोई गैस की गाड़ी चलाता था।