Uttarakhand News 16 May 2026: देहरादून। उत्तराखंड में जमीनों की रजिस्ट्री का कार्य पूरी तरह से ठप हो गया है। प्रदेशभर के सब रजिस्ट्रार और रजिस्ट्रार कार्यालयों के अधिकारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं, जिससे आम जनता के काम प्रभावित हो रहे हैं।

यह निर्णय उस समय लिया गया जब देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल की ओर से विकासनगर के सब रजिस्ट्रार के निलंबन की संस्तुति की गई। इसके बाद राज्य के सभी सब रजिस्ट्रारों ने सामूहिक रूप से कार्य बहिष्कार कर दिया।

अधिकारियों ने डीएम पर बिना सोच-समझकर कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। हड़ताली अधिकारियों का कहना है कि प्रशासनिक स्तर पर लिए गए इस निर्णय से कार्यप्रणाली प्रभावित हुई है और इससे पूरे विभाग का मनोबल गिरा है।

रजिस्ट्रार संघ ने स्पष्ट किया है कि वह जल्द ही मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी मांगों और आपत्ति को रखेगा।

हड़ताल के चलते प्रदेश में जमीनों की रजिस्ट्री का काम पूरी तरह बाधित हो गया है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

यह है मामला
विकासनगर उप निबंधक कार्यालय में रजिस्ट्री फर्जीवाड़ा और स्टांप चोरी के मामले में जिलाधिकारी सविन बंसल ने उप निबंधक अपूर्वा सिंह के निलंबन की संस्तुति की है। शासन से उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी प्रस्तावित की गई है।